हुबलाल यादव / जौनपुर : यूपी के जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज़ रिंकू सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की सगाई (रिंग सेरेमनी) 8 जून 2025 को लखनऊ में आयोजित की जाएगी, जबकि शादी का भव्य समारोह 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में संपन्न होगा।
![]() |
सांसद प्रिया बनेंगी क्रिकेटर रिंकू सिंह की दुल्हनिया |
बताते चले कि, इस वैवाहिक कार्यक्रम में देश की जानी-मानी हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिलेगा। क्रिकेट जगत की दिग्गज हस्तियों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे, नामचीन उद्योगपति और कई प्रमुख राजनेता इस मौके पर शिरकत करेंगे।
दोनों के परिवारों की सहमति से तय हुआ ये रिश्ता
सपा सांसद प्रिया सरोज के पिता और केराकत से समाजवादी पार्टी के विधायक तूफानी सरोज ने इस रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हाल ही में अलीगढ़ में रिंकू सिंह के परिवार से मुलाकात हुई थी, जहां आपसी बातचीत और सहमति के बाद यह रिश्ता तय किया गया। विधायक पिता ने बताया, रिंकू और प्रिया पहले से एक-दूसरे को जानते थे। प्रिया की एक सहेली के पिता, जो पेशे से क्रिकेटर हैं, उनके माध्यम से दोनों की मुलाकात हुई थी। दोनों ने परिवार की रज़ामंदी से शादी का फैसला लिया।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगा विवाह
सपा विधायक के करीबी सूत्रों के अनुसार, विवाह पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा। दोनों ने एक-दूसरे को अच्छे से समझने के बाद यह अहम फैसला लिया है और अब अपने नए जीवन की शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं।
कौन हैं प्रिया सरोज और रिंकू सिंह?
प्रिया सरोज पेशे से अधिवक्ता हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली बार सांसद बनीं। मछलीशहर संसदीय क्षेत्र से जीतकर संसद पहुंचने वालीं प्रिया युवाओं और महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वहीं रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे हैं और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी और मैच जिताऊ पारियों की बदौलत रिंकू ने देशभर में लाखों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता है।