सबेली में प्रधान अनिल पांडेय ने किया हवन-पूजन, महिलाओं ने गाए देवी-देवताओं के गीत
सुजानगंज (जौनपुर)
देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर सुजानगंज क्षेत्र के सबेली गांव में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण छा गया। ग्राम प्रधान अनिल पांडेय ने अपने निजी आवास पर स्थित शिव मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन, यज्ञ और पूजन-अर्चन का आयोजन किया। कार्यक्रम में गांव के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
सुबह से ही मंदिर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रधान अनिल पांडेय ने गांव की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने भी आहुति देकर धार्मिक अनुष्ठान में भागीदारी निभाई।
इस दौरान गांव की महिलाओं ने देवी-देवताओं की आराधना में भजन और पारंपरिक गीत गाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। बच्चे और बुजुर्ग सभी धार्मिक माहौल में डूबे नजर आए। हवन के बाद श्री विष्णु जागरण दिवस के रूप में देवउठनी पर्व मनाया गया।
प्रधान अनिल पांडेय ने कहा कि यह पर्व भक्ति, सद्भाव और जागृति का प्रतीक है। इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर से योगनिद्रा से जागते हैं और सृष्टि के संचालन का कार्य प्रारंभ करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज को एकता, सदाचार और सेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर गांव के दर्जनों ग्रामीण, महिला समूह की सदस्याएं और युवजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपो० हुबलाल यादव
