जौनपुर। जिले में अपराधियों के हौसले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। हत्या जैसे जघन्य अपराधों की बढ़ती घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। मामला सिकरारा थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
घटना समाधगंज बाजार के पास की है। मृतक की पहचान अनुज यादव निवासी जमालपुर, थाना मछलीशहर के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसी गांव के रहने वाले मनोज यादव पर लगा है।
सूचना मिलते ही सिकरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए दबिश दी जा रही हैं। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और घर में कोहराम मचा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। आरोपी मनोज यादव के अपने गांव में छिपे होने की सूचना मिली है और पुलिस उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।